अनुमति बिना रैयती ज़मीन पर कंपनी की गाड़ियाँ! BSIL/वनराज स्टील के खिलाफ आदिवासी महिलाओं का विरोध, मार्ग जाम

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अनुमति बिना रैयती ज़मीन पर कंपनी की गाड़ियाँ! BSIL/वनराज स्टील के खिलाफ आदिवासी महिलाओं का विरोध, मार्ग जाम

चांडिल, 29 दिसंबर : सरायकेला–खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लाखा गांव स्थित बिहार स्पंज आयरन लिमिटेड (वर्तमान संचालक वनराज स्टील) पर स्थानीय रैयतों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मानीकुई क्षेत्र की आदिवासी महिलाओं का कहना है कि कंपनी प्रबंधन उनकी रैयती जमीन से होकर बिना अनुमति और बिना किसी पूर्व सहमति के भारी वाहनों का आवागमन करा रहा है।

आरोप है कि कंपनी ने मनमानी करते हुए निजी रैयती जमीन को सड़क मार्ग के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। इससे आक्रोशित होकर सोमवार को ग्रामीण आदिवासी महिलाओं ने कंपनी की ओर आने-जाने वाले वाहनों का आवागमन रोक दिया। विरोध स्वरूप ग्रामीणों ने मार्ग पर पत्थर रखकर रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया।

स्थानीय महिला सुशीला बेसरा ने बताया कि BSIL/वनराज स्टील प्रबंधन ने उनकी जमीन से वाहन चलाने से पहले न तो अनुमति ली और न ही किसी प्रकार की बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कंपनी को उनकी जमीन का उपयोग करना है तो इसके बदले प्रभावित परिवार को नौकरी दी जाए या फिर प्रतिमाह किराया भुगतान किया जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक रैयतों की सहमति और उचित मुआवजा या रोजगार की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक कंपनी के वाहनों को जमीन से गुजरने नहीं दिया जाएगा। मामला अब स्थानीय प्रशासन के संज्ञान में आने की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article