नीमडीह में हाथियों के हमले में युवक गंभीर, एमजीएम रेफर

नीमडीह, 25 दिसंबर : सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह थाना अंतर्गत हुंडरू – पाथरडीह गांव में गुरुवार सुबह जंगली हाथियों के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान हुंडरू – पाथरडीह निवासी 35 वर्षीय कोकिल सिंह के रूप में हुई है। घटना चातरमा जंगल के समीप सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, कोकिल सिंह सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान जंगल के पास मौजूद करीब 16 जंगली हाथियों के झुंड ने उन्हें घेर लिया। युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने सूंड से पकड़कर उन्हें पटक दिया। इस हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई है।
घटना के दौरान युवक की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नीमडीह पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया।
दलमा हाथी अभ्यारण के पास ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में हाथियों का उपद्रव लगातार बढ़ता जा रहा है। वन विभाग के द्वारा ठोस पहल नहीं किए जाने के कारण क्षेत्र के ग्रामीण जंगली हाथियों के कारण हमेशा दहशत में रहते हैं। जंगल क्षेत्र में बढ़ते मानवीय हस्तक्षेप के कारण जंगल के हाथी गांवों की ओर रुख कर रहे हैं। इसके कारण वन विभाग के प्रति ग्रामीणों में नाराजगी है।



