राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज, एनआईटी जमशेदपुर परिसर व मार्गों का संयुक्त निरीक्षण

आदित्यपुर, 19 दिसंबर : महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित एनआईटी जमशेदपुर (आदित्यपुर) आगमन को लेकर प्रशासनिक एवं सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में सरायकेला–खरसावां एवं पूर्वी सिंहभूम जिलों के उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षकों ने एनआईटी जमशेदपुर परिसर, कार्यक्रम स्थल तथा संबंधित संपर्क मार्गों का संयुक्त स्थल निरीक्षण किया गया।
स्थल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिया कि रिहर्सल से पूर्व 27 दिसंबर तक कार्यक्रम से जुड़ी सभी प्रशासनिक, सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल संबंधी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। एनआईटी परिसर एवं कार्यक्रम स्थल की समुचित साफ-सफाई, संपर्क मार्गों की नियमित स्वच्छता तथा प्रोटोकॉल व यातायात की दृष्टि से मार्गों को पूरी तरह बाधा-मुक्त रखने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पूर्व निर्धारित यातायात प्रबंधन योजना के अनुसार रूट डायवर्जन लागू करने, कार्यक्रम स्थल के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, पार्किंग स्थलों को स्पष्ट रूप से चिन्हित करने और आपात सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुदृढ़ रखने को कहा गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि महामहिम राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां तय दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जा रही हैं।
निरीक्षण में पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, सरायकेला खरसावां जिले के उपायुक्त नितीश कुमार सिंह, पूर्वी सिंहभूम जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम पीयूष पांडेय, सरायकेला खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत, पूर्वी सिंहभूम जिले के पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार शिवाशीष, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर रवि प्रकाश, उपनगर आयुक्त आदित्यपुर पारुल सिंह सहित संबंधित विभागों के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।



