धान अधिप्राप्ति योजना पर स्टेकहोल्डर्स के लिए एकदिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

धान अधिप्राप्ति योजना पर स्टेकहोल्डर्स के लिए एकदिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

सरायकेला, 03 दिसंबर : जिला सहकारिता कार्यालय भवन स्थित सभागार में आज खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से धान अधिप्राप्ति योजना से जुड़े स्टेकहोल्डर्स के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला सहकारिता पदाधिकारी, सभी मार्केटिंग अधिकारियों, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों, एजीएम, 27 धान अधिप्राप्ति केंद्रों के कंप्यूटर ऑपरेटर, क्रय प्रभारी (BLW), लैंप्स प्रतिनिधि तथा राइस मिल संचालक उपस्थित थे।

प्रशिक्षण में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर द्वारा धान अधिप्राप्ति से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा–निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें किसानों का समयबद्ध और सटीक ऑनलाइन निबंधन, धान क्रय के दौरान FAQ मानकों का पालन, तौल और स्टॉक प्रविष्टि की पारदर्शी प्रक्रिया, क्रय केंद्रों पर टोकन एवं पंक्ति व्यवस्था सुनिश्चित करना, तथा किसानों को DBT के माध्यम से समय पर भुगतान प्रमुख विषय रहे।

इसके अतिरिक्त राइस मिलों द्वारा समय पर धान उठाव सुनिश्चित करने और संपूर्ण क्रय प्रक्रिया को पोर्टल पर नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करते हुए किसानों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएँ प्रदान करने पर जोर दिया गया।

Share This Article