विशेष लोक अदालत का आयोजन 29 को, चलाया गया जागरूकता अभियान

चांडिल, 19 नवंबर : व्यवहार न्यायालय सरायकेला और अनुमंडल न्यायालय चांडिल में 29 नवंबर को विशेष लोक अदालत का आयोजन होगा। इसको लेकर सरायकेला-खरसावां जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तोसीफ मेराज के निर्देशानुसार चांडिल प्रखंड के कटिया गांव में जागरूकता अभियान चलाया गया। मौके पर ग्रामीणों को लोक अदालत के आयोजन के संबंध में जानकारी दी गई।
जागरूकता अभियान के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि बिजली मामला से जुड़ी समस्या का समाधान के लिए 24 नवंबर 2025 से प्री-लोक अदालत सिटिंग का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीणों को इसका लाभ लेने के लिए अपील किया गया। इस अवसर पर पीएलवी के द्वारा बताया गया कि लोक अदालत में बिजली संबंधी मामले का त्वरित निष्पादान किया जाएगा। जागरूकता अभियान में पीएलवी भूपेन चंद्र महतो, मो रमजान अंसारी, राजकुमार महतो, वंदना महतो, शबनम खातून एवं ग्रामीण उपस्थित थे।



