आदित्यपुर नगर निगम के खिलाफ पूर्व पार्षदों का आमरण अनशन शुरू, सफाई व मूलभूत सुविधाओं की बदहाली पर जताया रोष

सरायकेला, 01 नवम्बर: आदित्यपुर नगर निगम की कार्यप्रणाली से नाराज निवर्तमान पार्षदों ने शनिवार से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया है। नगर निगम कार्यालय के समीप दर्जनों पूर्व पार्षद धरने पर बैठ गए हैं। उनका आरोप है कि निगम द्वारा बीते दो वर्षों से मनमाने तरीके से टैक्स वसूला जा रहा है, जबकि शहर में न सफाई व्यवस्था दुरुस्त है और न ही नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं मिल पा रही हैं।
अनशन पर बैठे पार्षदों ने कहा कि नगर निगम की पूर्व बोर्ड बैठकों में कई विकास योजनाओं को स्वीकृति दी गई थी और उनका शिलान्यास भी हुआ, लेकिन आज तक वे धरातल पर लागू नहीं हो सकीं। ऐसे में जनता को इन योजनाओं का कोई लाभ नहीं मिला। उन्होंने निगम प्रशासन पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि नागरिकों से टैक्स तो वसूला जा रहा है, परंतु शहर की स्थिति दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है।

पूर्व पार्षदों ने यह भी बताया कि नगर निगम कार्यालय परिसर स्वयं गंदगी और बदबू का अड्डा बन गया है। उन्होंने कहा कि अनशन शुरू करने की पूर्व सूचना निगम को दी गई थी, फिर भी प्रशासन ने स्थल की सफाई तक नहीं कराई, जो अधिकारियों की असंवेदनशीलता और उदासीन रवैये को दर्शाता है।
अनशनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता और शहर की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।



