राज्य स्थापना दिवस की तैयारी को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न

सरायकेला, 1 नवंबर : राज्य स्थापना दिवस समारोह–2025 एवं “आपकी योजना – आपकी सरकार – आपके द्वार” कार्यक्रम की सफल तैयारी को लेकर शनिवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, डीआरडीए निदेशक डॉ. अजय, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सभी अंचलाधिकारी व प्रखंड विकास पदाधिकारी शामिल हुए।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि राज्य स्थापना दिवस को भव्यता, अनुशासन एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाए। उन्होंने बताया कि 11 से 15 नवंबर तक जिले में रन फॉर झारखंड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, साइकिल रैली, फ्लैश मॉब और प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि 18 नवंबर से 15 दिसंबर तक “आपकी योजना – आपकी सरकार – आपके द्वार” अभियान के तहत सभी पंचायतों में शिविर लगाकर नागरिकों को जाति, आय, जन्म प्रमाण पत्र और अन्य योजनाओं से संबंधित प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।
उपायुक्त ने सभी विभागों को स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और कार्यक्रम स्थलों की तैयारी समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया तथा राजस्व शिविरों में जनता की समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।



