छठ पर्व की तैयारियों का लिया जायजा : उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने किया घाटों का निरीक्षण

आदित्यपुर व आरआईटी क्षेत्र के छठ घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व प्रकाश व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
सरायकेला/आदित्यपुर, 24 अक्टूबर : आगामी छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने नगर निगम क्षेत्राधीन आदित्यपुर एवं आरआईटी स्थित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, नालों की सफाई, आवागमन मार्ग की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की उपलब्धता, बैरिकेडिंग, पेयजल की व्यवस्था तथा सुरक्षा बलों की तैनाती की स्थिति का जायजा लिया।
उपायुक्त श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि घाटों का समतलीकरण, जलस्रोतों का शुद्धिकरण, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा दल की तैनाती, नियंत्रण कक्ष (Control Room) एवं आपातकालीन सहायता दल (Emergency Response Team) की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि घाटों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत व बैरिकेडिंग उचित ढंग से की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही नगर निकाय और पंचायत स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है, जिससे सभी घाटों की साफ-सफाई पूर्ण रूप से सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने बताया कि छठ पर्व के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के प्रमुख घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही गश्ती दलों की व्यवस्था और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे छठ पर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने दें।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त, आदित्यपुर रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



