सिद्धि विनायक स्पंज फैक्ट्री के खिलाफ ग्रामीण हुए एकजुट, न्याय दिलाने के लिए हुआ JLKM का एंट्री
चांडिल, 14 अक्टूबर : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र की जनता स्पंज आयरन कंपनियों के विनाशकारी प्रदूषण से वर्षों से त्राहिमाम कर रही है। प्रदूषण की भयावहता दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है। बताया जा रहा है कि चौका थाना क्षेत्र के रुगड़ी में स्थित सिद्धी विनायक नामक स्पंज आयरन कंपनी कंपनी का प्रदूषित गंदा पानी और अन्य गंदगी खेतों के उपजाऊ जमीन को बंजर बना रहा है। इसको लेकर मंगलवार को झारखंड लोकतांत्रित क्रांतिकारी मोर्चा के नेता, कंपनी प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच बैठक हुई।
बैठक में तय हुआ कि खेती योग्य जमीन में फैली गंदगी और अवशेष को कंपनी प्रबंधन हटा लेगी। इसके साथ ही कंपनी प्रबंधन 10 दिसंबर तक सरकार द्वारा निर्धारित दर के अनुसार प्रभावित किसानों को मुआवजा देगी। इसके साथ ही कंपनी के दीवार को दीपावली के बाद पूरी तरह से निर्मित किया जाएगा ताकि भविष्य में गंदगी रोकने का पूरा प्रबंध हो सके। अाने वाले वर्ष में भी यदि जमीन में गंदगी पाई जाती है, तो कंपनी पूरी तरह से मुआवजा देने के लिए बाध्य होगी, चाहे जमीन पर खेती हो या न हो।
बैठक में कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधि और ग्रामीणों के अलावा जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष्ज्ञ तरुण महतो, केंद्रीय महामंत्री अजीत महतो, केंद्रीय संगठन सचिव राहुल महतो, जिलाध्यक्ष दीपक महतो, जिला उपाध्यक्ष गुरुपद महतो, जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश कुमार, ग्रामीण प्रतिनिधि जातुराम महतो, मंटू महतो, नेपाल महतो, सुधीर महतो, रोहित कुमार, अवनी महतो, सदस्य आस्तिक महतो, शंकर महतो, निर्मल महतो के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।