निर्धारित समय पर खाद्यान्न उठाव एवं कार्डधारियों के बीच वितरण करें सुनिश्चित : उपायुक्त

Manbhum Updates
3 Min Read

छह माह या उससे अधिक अवधि से राशन नहीं उठाने वाले कार्डधारियों का नाम होगा विलोपित

सरायकेला, 14 अक्टूबर : राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम अंतर्गत खाद्यान्न उठाव की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों में समय पर गोदाम से खाद्यान्न उठाव कर सभी डीलरों तक पहुंचाया जाए, ताकि निर्धारित समय पर उपभोक्ताओं के बीच राशन वितरण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न हो। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह मंगलवार समाहरणालय सभागार में आपूर्ति विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि गम्हरिया एवं ईचागढ़ प्रखंड से राशन डीलरों द्वारा अनियमित वितरण से संबंधित शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिनकी जांच कर दोषी पाए जाने पर नियम संगत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने आदित्यपुर क्षेत्र में राशन वितरण प्रणाली में सुधार लाने के निर्देश देते हुए कहा कि जो लाभुक दीर्घ अवधि से खाद्यान्न उठाव नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध नाम विलोपन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। बैठक में दाल, चना, चीनी, नमक आदि आवश्यक वस्तुओं के नियमित एवं निर्बाध वितरण को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने प्रखंडवार निर्माणाधीन गोदामों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी लंबित निर्माण कार्यों में गति लाने तथा निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण कर हैंडओवर प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। बैठक में गोदाम निर्माण कार्य, खाद्यान्न उठाव, राशन वितरण व्यवस्था तथा योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन से संबंधित बिंदुओं की समीक्षा की गई। इस कार्य के बेहतर क्रियान्वयन के लिए डीलर एवं वीएलई के लिए जिला स्तर पर एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सभी कार्डधारियों का आधार सीडिंग एवं मोबाइल अपडेट कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने, ‘सोना सोबरन धोती–साड़ी योजना’ के अंतर्गत शत-प्रतिशत वितरण कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करने, सीएससी केंद्रों एवं संबंधित एजेंसियों के माध्यम से सर्वे कर आयुष्मान भारत योजना से छूटे हुए लाभुकों की सूची तैयार कर उन्हें योजना से जोड़ने, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी डीलरों एवं वीएलई के साथ बैठक करते हुए आयुष्मान भारत योजना से वंचित लोगों को योजना से जोड़ने के लिए कार्ययोजना तैयार करें तथा आवश्यकता अनुसार पंचायत स्तरीय शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया।

Share This Article