पांड्रासाली आरओबी में मरम्मत कार्य के कारण एक माह तक भारी वाहनों के लिए बंद रहेगी सड़क

Manbhum Updates
2 Min Read

पांड्रासाली आरओबी में मरम्मत कार्य के कारण एक माह तक भारी वाहनों के लिए बंद रहेगी सड़क

सरायकेला, 12 अक्टूबर : पथ प्रमंडल चाईबासा के अंतर्गत चाईबासा-सरायकेला पथ के क्षतिग्रस्त पांड्रासाली आरओबी के मरम्मत कार्य चलने के कारण रविवार से एक माह तक आरओबी से भारी वाहनों के आवागमन बंद रहेगा। इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी का कार्यालय, सरायकेला-खरसावां से मिली जानकारी के अनुसार पंड्रासाली आरओबी पर मरम्मत कार्य के दौरान भारी वाहनों (ट्रक, बस एवं मालवाहक वाहन) के परिचालन पर रोक लगाने के लिए जेएआरडीसी लिमिटेड , रांची से प्राप्त अभ्यावेदन के आलोक में इस मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन को बंद करने हेतु सरायकेला चाईबासा मार्ग पर में नो इंट्री लगाया गया है ।

मरम्मत कार्य के लिए 13 अक्टूबर से अगले 06 दिनों तक दो घंटे प्रतिदिन रेलवे ब्लॉक की अनुमति मिली है। आरओबी की मरम्मत होने के उपरांत कास्टिंग और कंक्रीटिंग की स्थिरता हेतु कार्यहित में तीस दिन 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक उक्त सड़क को भारी बहनों के लिए बंद किया गया है।
उल्लेखनीय है कि आरओबी का क्षतिग्रस्त हिस्सा पथ के मध्य में रहने के कारण मरम्मत के दौरान भारी वाहनों (ट्रक, बस, मालवाहक वाहन आदि) का आवागमन उक्त आरओबी से संभव नहीं होगा। जनहित में हल्के वाहनों का आवागमन की अनुमति दी जा सकती है।

ये हैं वैकल्पिक मार्ग

सरायकेला से चाईबासा जाने वाले सभी भारी वाहन, जिसमें ट्रक, बस और मालवाहक शामिल है, को राजनगर बाईपास से बाबा तिलका माझी चौक से सिदो-कान्हू चौक और आगे टाटा-चाईबासा एनएच 220 से होते हुए चाईबासा की ओर मोड़ दिया जाएगा।

वहीं,चाईबासा से सरायकेला जाने वाले वाहनों को चाईबासा बस स्टेंड से भाया टाटा-चाईबासा एनएच 220 से सिदो-कान्हू चौक से बाबा तिलका माझी चौक और आगे राजनगर बाईपास से होते हुए सरायकेला की ओर मोड़ दिया जाएगा।

Share This Article