मनोज महतो टिड़ुआर बने आदिबासि कुड़मि समाज के नए केंद्रीय अध्यक्ष – संगठन को नई दिशा देने की जिम्मेदारी सौंपी गई

Manbhum Updates
2 Min Read

मनोज महतो टिड़ुआर बने आदिबासि कुड़मि समाज के नए केंद्रीय अध्यक्ष – संगठन को नई दिशा देने की जिम्मेदारी सौंपी गई

रांची/चांडिल, 11 अक्टूबर : आदिबासि कुड़मि समाज की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज विधायक क्लब हॉल, ओल्ड विधानसभा परिसर, धुर्वा में संपन्न हुई, जिसमें संगठन के पुनर्गठन और सशक्तीकरण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसी क्रम में सर्वसम्मति से मनोज महतो टिड़ुआर को समाज का नया केंद्रीय अध्यक्ष चुना गया।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि मनोज महतो के नेतृत्व में संगठन नई ऊर्जा और दिशा प्राप्त करेगा। उनके अनुभव, सामाजिक सक्रियता और समर्पण से कुड़मि समाज की पहचान और अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती मिलेगी।

अपनी नियुक्ति के बाद मनोज महतो टिड़ुआर ने कहा कि यह पद उनके लिए “सम्मान से अधिक जिम्मेदारी” है। उन्होंने कहा, “मैं समाज की एकता, शिक्षा, युवा सशक्तीकरण और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करूंगा। हमारी प्राथमिकता है कि कुड़मालि भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में स्थान मिले और कुड़मी समाज को संवैधानिक मान्यता प्राप्त हो।”

उन्होंने आगे कहा कि समाज की परंपरा, संस्कृति और स्वाभिमान को जीवित रखना ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है, और इस दिशा में हर सदस्य को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

बैठक में समाज के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने नए अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया।

Share This Article