चांडिल : फदलोगोड़ा में अनोखे थीम पर दुर्गा पूजा पंडाल, लेफ्टिनेंट नरवाल को दी श्रद्धांजलि

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल : फदलोगोड़ा में अनोखे थीम पर दुर्गा पूजा पंडाल, लेफ्टिनेंट नरवाल को दी श्रद्धांजलि

चांडिल, 29 सितंबर : चांडिल प्रखंड के फदलोगोड़ा में इस वर्ष श्री श्री दुर्गा पूजा समिति ने भव्य और अनूठे थीम वाला पंडाल तैयार किया है। यहां कश्मीर के पहलगाम घाटी में हुए आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर की झलक दिखाई गई है।

थीम के माध्यम से लेफ्टिनेंट विनय नरवाल को श्रद्धांजलि दी गई है। पंडाल में दर्शाया गया है कि लहूलुहान अवस्था में लेफ्टिनेंट नरवाल माँ दुर्गा की गोद में विराजमान हैं, जबकि महिषासुर को दूर दिखाया गया है। वहीं, स्वर्गीय नरवाल की पत्नी हिमांशी को माता लक्ष्मी और माता सरस्वती ढांढस बंधा रही हैं। इस दृश्य ने श्रद्धालुओं और दर्शकों को भावुक कर दिया।

रविवार शाम को ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने पंडाल का उद्घाटन किया। उन्होंने पूजा समिति को बधाई दी और माता दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

चिलगु में कलश यात्रा व दशाई नाच के साथ पूजा प्रारंभ

इधर, चिलगु में कलश यात्रा के साथ दुर्गा पूजा का शुभारंभ हुआ। इस दौरान पारंपरिक आदिवासी दशाई नाच का भी आयोजन किया गया, जिसने वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

चिलगु दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन भी विधायक सविता महतो ने किया। यहां सोमवार शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध गायक शंकर तंतुबाई एंड टीम प्रस्तुति देंगे। टीम में गायिका पायल वाद्यकर, डांसर देवराज और अक्षय भी शामिल रहेंगे।

पूजा समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। आयोजन स्थल पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

Share This Article