चांडिल कॉलेज परिसर में हो पेयजल और शौचालय की व्यवस्था : एआईडीएसओ

चांडिल, 26 सितंबर : ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (एआईडीएसओ) ने सिंहभूम कॉलेज चांडिल परिसर में पेयजल और शौचालय की व्यवस्था देने की मांग की है। इस संबंध में एआईडीएसओ के कॉलेज कमेटी के तत्वावधान में शुक्रवार को प्राचार्य की अनुपस्थिति में प्रभारी अचिंत गोराई को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन इसके अलावा कॉलेज की अन्य कई समस्याएं के समाधान करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कॉलेज कमेटी के कोषाध्यक्ष समीर कुमार महतो ने कहा कि कॉलेज परिसर में पीने का स्वच्छ पानी और शौचालय की समस्या है। कॉलेज में दूर-दराज से विद्यार्थी आते है, लेकिन कॉलेज में पीने का पानी और शौचालय की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खासकर लड़की और महिलाओं को इससे अधिक परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि कॉलेज में पेयजल के लिए आरओ लगा है, लेकिन उसे चालू नहीं रखा जाता है। एक टॉयलेट रूम है जिसका छप्पर फटा हुआ है, जो उपयोग करने योग्य नहीं लगता है। इसलिए उसमें कोई जाता ही नहीं है।
ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन के सिंहभूम कॉलेज चांडिल कमेटी ने इन समस्याओं को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। कमेटी ने कहा है कि कॉलेज में पठन-पाठन का माहौल तैयार किया जाना चाहिए, ताकि सुदूरवर्ती विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके। इस अवसर पर कॉलेज कमेटी इंचार्ज युधिष्ठिर प्रमाणिक, अध्यक्ष राजा प्रमाणिक, रितेश पांडे, सौरव सिंह समेत कई सदस्य शामिल थे।



