टेल्को में महिला से चेन छिनतई करने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक और चेन बरामद

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

टेल्को में महिला से चेन छिनतई करने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक और चेन बरामद

जमशेदपुर, 08 जुलाई : शहर के टेल्को थाना क्षेत्र के घड़ी पार्क के समीप महिला से सोने की चेन छिनतई मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गरूड़बासा निवासी 25 वर्षीय विक्रम हो बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो टुकड़ों में टूटी पीली धातु (सोने जैसी) की चेन और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05DC1914) को बरामद किया है।

पुलिस ने बताया कि 7 जुलाई को टेल्को घड़ी पार्क के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली थी। इस मामले में टेल्को थाना में कांड संख्या 100/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया गया।

इसी दौरान रात में हुडको टेस्टिंग यार्ड के पास विशेष गश्ती के दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर बाइक लेकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से छीनी गई चेन और बाइक बरामद हुई।

पूछताछ में विक्रम हो ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी रोहित उर्फ रोहन उर्फ चिद्दी के साथ मिलकर महिला से चेन छीनी थी। उसने यह भी बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल उसी दिन सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह से चोरी की गई थी। बाइक चोरी के मामले में सिदगोड़ा थाना में कांड संख्या 96/2026 दर्ज है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी रोहित उर्फ रोहन उर्फ चिद्दी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार विक्रम हो का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ टेल्को, मानगो, सिदगोड़ा, बिरसानगर, गोविंदपुर सहित पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बंदवान थाना में चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक मामलों के कुल 10 मामले दर्ज हैं।

Share This Article