अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो हादसे का शिकार, ट्रेलर से भिड़ंत में एक गंभीर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो हादसे का शिकार, ट्रेलर से भिड़ंत में एक गंभीर

चांडिल, 26 मई : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार चांडिल की ओर से जमशेदपुर जा रहा एक ऑटो करनीडीह स्थित जमना ऑटो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के समीप पहुंचा ही था कि पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा भिड़ा।
हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए। इनमें एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। सभी घायल जमशेदपुर के बारीडीह क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ऑटो को टक्कर मारने वाला वाहन एक कार थी, जो दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

Share This Article