बड़ी खबर : झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर
रांची/जमशेदपुर, 15 अगस्त : झारखंड की राजनीति और शिक्षा जगत के लिए आज का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। राज्य के स्कूली शिक्षा एवं निबंधन मंत्री तथा घाटशिला विधानसभा के विधायक रामदास सोरेन का आज निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती थे, जहां डॉक्टरों की टीम ने लगातार उनका उपचार किया, लेकिन लंबी बीमारी से जूझने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली।
झामुमो के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से यह सूचना साझा की। उन्होंने लिखा — “आप सभी को अत्यंत दुःख के साथ यह सूचना साझा कर रहा हूँ कि राज्य के स्कूली शिक्षा व निबंधन मंत्री तथा घाटशिला विधानसभा के विधायक माननीय रामदास सोरेन जी अब हम सबके बीच नहीं रहे। यह हम सभी के लिए एक व्यक्तिगत और अपूरणीय क्षति है।”
षाड़ंगी ने आगे कहा कि मंत्री के लाखों चाहने वाले, शुभचिंतक, कर्मठ कार्यकर्ता, स्कूली शिक्षा एवं निबंधन विभाग के सहयोगी और पूरा झामुमो परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 2 अगस्त से अब तक डॉक्टरों ने दिन-रात इलाज में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन ईश्वर की इच्छा के आगे सभी असहाय रहे।
राजनीतिक और सामाजिक योगदान
रामदास सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के एक कद्दावर नेता थे। घाटशिला विधानसभा से उन्होंने कई बार जनता का प्रतिनिधित्व किया और क्षेत्र के विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य किया। शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने राज्य में स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, आधारभूत संरचना के विकास और पंजीयन सेवाओं को सरल बनाने पर जोर दिया।
शोक की लहर
मंत्री के निधन की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर है। झामुमो के तमाम वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
अंतिम संस्कार की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली से उनके पैतृक आवास लाया जाएगा, जहां अंतिम दर्शन के लिए आम जनता को अवसर दिया जाएगा। इसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें।