चांडिल : संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत, पुलिस कर रही जांच
चांडिल, संवाददाता | 29 जुलाई
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के बनडीह गांव में एक विवाहित महिला की मौत ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया है। मृतका की पहचान अंजली लायक के रूप में हुई है, जिनका शव मंगलवार सुबह उनके घर से बरामद किया गया। अंजली लायक का मायका ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बाकोलतोड़िया गांव में है। सूचना मिलने पर चांडिल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंजली लायक के पति के साथ घरेलू विवाद की स्थिति बनी रहती थी। ग्रामीणों ने बताया कि बीती शाम खेत से लौटने के बाद अंजली और उसके पति के बीच शराब पीने के लिए पैसे की मांग को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान पति द्वारा अंजली की पिटाई किए जाने की भी बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, मृतका के पति ने बताया कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसने दावा किया कि उसने खुद ही शव को फंदे से नीचे उतारा। हालांकि, घटना की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।
फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। चांडिल थाना पुलिस ग्रामीणों के बयान और घटनास्थल की स्थिति का अवलोकन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस ने आश्वस्त किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है।