गणपति मिल्क प्रोडक्टस़ प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में मजदूरों को नहीं मिलता न्यूनतम मजदूरी

जेएलकेएम ने मजदूरों के साथ दिया धरना, कंपनी प्रबंधन के साथ हुआ समझौता
चांडिल, 11 जुलाई : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के चौका थाना अंतर्गत टुईड़ूंगरी के टोला बड़टाड़ स्थित गणपति मिल्क प्रोडक्टस़ प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मजदूरों को सरकार की ओर से किए गए प्रावधान के अनुसार ना मजदूरी मिल रही है, ना सुरक्षा कीट औश्र ना अन्य सुविधाए. मजदूरों के बीच व्याप्त समस्याओं को लेकर शुक्रवार को जेएलकेएम पार्टी के नेताओं ने मजदूरों के साथ कंपनी के मुख्य गेट के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया. 12 सूत्री मांगों को लेकर किए गए धरना-प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने अपनी समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद किया. इसकी सूचना मिलते ही चौका थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मैनेजमेंट के साथ आंदोलनकारियों का वार्ता करने का प्रयास किया.
मिली जानकारी के अनुसार ठेकेदार द्वारा स्थानीय मजदूरों को 275 रुपये की दर से प्रतिदिन मजदूरी दी जा रही है. नेताओं का आरोप है कि मजदूरों से 12 घंटे काम लिया जा रहा है. इसके साथ ही मजदूरों को ना पीएफ का लाभ दिया जा रहा है और ना इएसआइसी का. जेएलकेएम के नेताओं ने इसे मजदूरों का खुला शोषण बताया. मजदूरों ने बताया कि पूर्व में लिखित और मौखिक रूप से कंपनी प्रबंधन और प्रशासक को इन समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकाला गया है. इसी अनदेखी के विरोध में धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया. मजदूरों ने कहा कि समाधान होने ते धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा.
दिनभर चलर वार्ता के बाद कंपनी प्रबंधक और जेएलकेएम नेता तरुण महतो के बीच मजदूरों की सभी मांगों को लेकर सकारात्मक वार्ता हुई. कंपनी प्रबंधन की ओर से सभी मांगों के समाधन करने को लेकर लिखित आश्वासन दिया गया है. इसके बाद मजदूर काम पर लौटे. इस अवसर पर तरुण महतो ने कहा कि मजदूर के हक और अधिकार के लिए कंपनी प्रबंधक से आगे वार्ता करते रहेंगे और उनके हित के लिए हर कदम उठाते रहेंगे. धरना-प्रदर्शन में केंद्रीय सचिव गोपेश महतो, संगठन महामंत्री फूलचंद महतो, जिलाध्यक्ष दीपक महतो, जिला महामंत्री रूपेश वर्मा, जिला उपाध्यक्ष गुरुपद महतो, प्रखंड युवा अध्यक्ष ललित महतो, जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश कुमार के अलावा बड़ी संख्या में सदस्य और कंपनी के मजदूर मौजूद थे.



