झालदा में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 5 लीटर कोडीन सिरप के साथ एक गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

पोस्ट ऑफिस के पास मेरियापकर ग्राउंड में देर रात छापेमारी, युवाओं को नशे के लिए सिरप बेचने का आरोप

 

पुरुलिया, 07 नवंबर : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। झालदा थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 5 लीटर कोडीन युक्त कफ सिरप जब्त किया है। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 6 और 7 नवंबर की दरम्यानी रात झालदा पोस्ट ऑफिस के समीप मेरियापकर ग्राउंड में विशेष अभियान चलाया गया। झालदा थाने के एसआई प्रताप चंद्र ओझा के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने मौके से शेख अब्दुल्ला (36) को गिरफ्तार किया। वह झालदा थाना क्षेत्र के हुसैनडीह का निवासी है।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कोडीन युक्त कफ सिरप की 50 सीलबंद बोतलें बरामद की गईं। प्रत्येक बोतल में 100 मिलीलीटर सिरप था। इस तरह कुल 5,000 मिलीलीटर यानी पांच लीटर कफ सिरप जब्त किया गया।

प्रारंभिक आरोपों के मुताबिक, अभियुक्त एक कंक्रीट शेड से क्षेत्र के नशे के आदी युवाओं को कफ सिरप बेचने का काम कर रहा था। पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ झालदा थाना कांड संख्या 133/26, दिनांक 7 नवंबर 2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 8/21(सी) में मामला दर्ज किया है।

एसडीपीओ झालदा के पर्यवेक्षण में तुलिन ओपी एवं झालदा थाना के प्रभारी एसआई सुब्रत सरकार मामले की जांच कर रहे हैं।

पुरुलिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article