दीपावली से पहले शहीदों के घर पहुंचा सम्मान, उपायुक्त ने परिजनों को शॉल और मिठाई देकर किया सम्मानित

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

 

पूर्व सैनिक सेवा परिषद की पहल पर समाहरणालय में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के परिजनों के प्रति जताई कृतज्ञता

 

जमशेदपुर, 06 नवंबर : दीपावली की खुशियों के बीच देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के परिवारों को याद करते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सम्मान की अनूठी पहल की। शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समारोह में उपायुक्त राजीव रंजन ने शहीदों के परिजनों को शॉल और मिठाई भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान शहीद परिवारों के प्रति सम्मान, संवेदना और कृतज्ञता व्यक्त की गई।

पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य दीपावली के अवसर पर उन परिवारों के साथ खुशियां साझा करना था, जिन्होंने देश की रक्षा में अपने प्रियजनों को खोया है।

समारोह में शहीद लेफ्टिनेंट कमांडर मनोरंजन (शौर्य चक्र, मरणोपरांत) के पिता, नायब सूबेदार नवीन चौधरी, शहीद किशन दुबे की माता जगमाया देवी, शहीद मनोज कुमार की पत्नी सुनीता कुमारी, शहीद जितेंद्र कुमार की पत्नी दुर्गावती देवी तथा शहीद पी. श्रीनिवास की पत्नी पद्मजा राव को सम्मानित किया गया।

वहीं, शहीद सिपाही गणेश हांसदा (शौर्य चक्र, मरणोपरांत) और शहीद दिलीप बेसरा के परिजनों को घाटशिला के प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा उनके आवास पर जाकर सम्मानित किया जाएगा।

शहीदों का बलिदान सदैव रहेगा स्मरणीय : उपायुक्त

इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने शहीदों के अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए परिजनों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिनंदन किया। साथ ही परिषद की गतिविधियों और सामाजिक कार्यों की जानकारी भी दी।

समारोह में पूर्व सैनिक सेवा परिषद के ब्रजकिशोर सिंह, सुबोध कुमार, मिथिलेश सिंह, अशोक श्रीवास्तव, विजय त्रिपाठी, सतनाम सिंह, सत्येंद्र सिंह और दिनेश सिंह उपस्थित थे।

दीपावली से पहले आयोजित यह कार्यक्रम उन परिवारों के प्रति समाज की जिम्मेदारी और कृतज्ञता का संदेश दे गया, जिनका त्याग देश की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा है।

Share This Article