धान की फसल बचाने निकले किसान को हाथी ने सूंड से उठाकर पटका, गंभीर हालत में टीएमएच में भर्ती

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

17 हाथियों के झुंड का इलाके में आतंक, विधायक सविता महतो की पहल पर घायल किसान को मिला बेहतर इलाज

 

चांडिल, 04 नवंबर : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बानसा (लाकड़ागाढ़ा) में बुधवार शाम जंगली हाथियों के हमले में संजय महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। धान की फसल को हाथियों से बचाने की कोशिश उनकी जान पर भारी पड़ गई। हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायल संजय महतो को विधायक सविता महतो की पहल पर जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में इन दिनों 17 जंगली हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। बुधवार शाम करीब सात बजे झुंड के चार हाथी खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहे थे। अपनी मेहनत की फसल बर्बाद होती देख संजय महतो हाथियों को भगाने और फसल बचाने के लिए खेत की ओर गए। इसी दौरान एक हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया और सूंड से उठाकर पटक दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना गांव के झामुमो नेता पशुपति महतो एवं ग्रामीणों ने विधायक सविता महतो को दी। सूचना मिलते ही विधायक ने तत्परता दिखाते हुए वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने और घायल को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। विधायक की पहल पर घायल संजय महतो को रेस्क्यू कर टीएमएच पहुंचाया गया।

अस्पताल में विधायक के आप्त सचिव काबलू महतो ने घायल को भर्ती कराने की व्यवस्था की। इस दौरान वनरक्षी मुन्ना सोरेन भी अस्पताल में मौजूद रहे। फिलहाल संजय महतो का इलाज जारी है। घटना ने एक बार फिर चांडिल क्षेत्र में जंगली हाथियों के बढ़ते खतरे और किसानों की जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Share This Article