
डैम के प्राकृतिक सौंदर्य का लिया आनंद, विस्थापितों में जगी विकास की नई उम्मीद
चांडिल, 03 नवंबर : मंगलवार को अपने पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चांडिल डैम का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने डैम के मनोरम दृश्य और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से डैम के मौजूदा जलस्तर, नौका विहार सहित अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही विद्युत उत्पादन से जुड़े हाइडल प्रोजेक्ट का भी जायजा लिया।
इस दौरान उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, ईचागढ़ विधायक सविता महतो और एसडीओ नितिन कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बताते चलें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को अपनी पत्नी कल्पना सोरेन और बड़ी बहन अंजली सोरेन के साथ चांडिल के धातकीडीह स्थित अपने मामा घर पहुंचे थे। मां रूपी सोरेन के निधन के बाद पारंपरिक रस्म अदायगी के लिए उनका यह पारिवारिक दौरा था। इसी क्रम में उन्होंने चांडिल डैम का भी भ्रमण किया।
हालांकि मुख्यमंत्री का डैम भ्रमण पारिवारिक कार्यक्रम का हिस्सा था, लेकिन इस दौरान अधिकारियों से जलस्तर, नौका विहार और हाइडल प्रोजेक्ट की जानकारी लेने के बाद क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। खासकर चांडिल डैम के विस्थापितों के बीच एक बार फिर उम्मीद जगी है कि राज्य सरकार आने वाले दिनों में उनके हितों और लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर कोई बड़ा निर्णय ले सकती है।