कृषि योजनाओं की धीमी प्रगति पर उपायुक्त सख्त, नवंबर तक लक्ष्य पूरा करने का निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 28 अक्टूबर : पूर्वी सिंहभूम जिले में कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त राजीव रंजन ने निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। बुधवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में कृषि, उद्यान, पशुपालन, गव्य विकास और सहकारिता विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और पात्र किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

बैठक में बीज वितरण, खेत बचाओ अभियान, मृदा स्वास्थ्य, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), डिजिटल क्रॉप सर्वे, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन सहित विभिन्न कृषि योजनाओं की समीक्षा हुई। उपायुक्त ने अधिकारियों को वार्षिक लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

नवंबर तक लक्ष्य पूरा करने का निर्देश

पशुपालन एवं गव्य विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिला गव्य विकास पदाधिकारी को नवंबर तक निर्धारित लक्ष्य पूरा करने को कहा गया। वहीं, उद्यान विकास योजनाओं में प्रगति लाने और लाभुकों को समय पर लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया गया। सहकारिता विभाग को धान अधिप्राप्ति की तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया, ताकि किसानों को धान बेचने में परेशानी न हो।

किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत पात्र किसानों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए बैंकों और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। डिजिटल क्रॉप सर्वे और मृदा स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया।

दो अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी

बैठक में जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी और जिला मत्स्य पदाधिकारी के अनुपस्थित रहने पर उपायुक्त ने अप्रसन्नता जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि समीक्षा बैठकों में संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति और योजनाओं के प्रति जवाबदेही जरूरी है।

बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, डीडीएम नाबार्ड समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article