
डेढ़ से दो साल के इंतजार के बाद मिली राहत, आदित्यपुर सीडीपीओ ने कहा- आवेदन के आधार पर जरूरतमंदों को दी जा रही सुविधा
गम्हरिया, 26 अक्टूबर : सरकार की कल्याणकारी योजना के तहत डूडरा पंचायत के एक दिव्यांग को इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे लाभुक को ट्राईसाइकिल मिलने से चेहरे पर खुशी झलक उठी। अब उन्हें रोजमर्रा के कामकाज के लिए दूसरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
लाभुक ने बताया कि वह काफी समय से इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल मिलने की प्रतीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ट्राईसाइकिल मिलने से उनके कई महत्वपूर्ण काम आसान हो जाएंगे और आवागमन में सुविधा होगी। इस सहायता के लिए उन्होंने झारखंड सरकार, आदित्यपुर की सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी और अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार के प्रति आभार जताया।
दो ट्राईसाइकिल मिली थीं, पुराने आवेदनों के आधार पर हुआ वितरण
इस संबंध में आदित्यपुर की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) दुर्गेश नंदिनी ने बताया कि विभाग को इस बार केवल दो इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्राप्त हुई थीं। इनके लिए लाभुकों ने करीब डेढ़ से दो साल पहले आवेदन किया था। दिव्यांगजनों से ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर के लिए प्राप्त आवेदनों के आधार पर जरूरतमंदों को सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लाभुकों के बीच ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया।
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल बैटरी, चार्जर समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं से लैस है। इसकी मदद से दिव्यांगजन स्वयं ट्राईसाइकिल चलाकर अपने रोजमर्रा के कार्यों को आसानी से पूरा कर सकेंगे।
अन्य जरूरतमंदों को भी मिलेगी सुविधा
सीडीपीओ ने बताया कि विभाग को इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर के लिए कई अन्य आवेदन भी प्राप्त हुए हैं। इनकी मांग से संबंधित प्रस्ताव वरीय अधिकारियों को भेज दिया गया है। विभाग को नई ट्राईसाइकिल उपलब्ध होते ही अन्य पात्र और जरूरतमंद दिव्यांगजनों को भी इसका लाभ दिया जाएगा।



