
सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन उपकरण और त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का निर्देश
जमशेदपुर, 26 अक्टूबर : पूर्वी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने सोमवार को जमशेदपुर सदर प्रखंड अंतर्गत किताडीह स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयर हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीनों के सुरक्षित भंडारण, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप रख-रखाव की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयर हाउस में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और प्रवेश एवं निकास व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था की भी समीक्षा की। इसके अलावा वेयर हाउस में संधारित विभिन्न अभिलेखों और लॉग बुक का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी दस्तावेज अद्यतन रखने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों और प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी प्रणाली और अन्य आवश्यक इंतजामों का नियमित अंतराल पर निरीक्षण एवं परीक्षण करते रहने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



