चांडिल : एनएचएआई पर मनमानी करने का आरोप, किसान को प्रतिवर्ष हो रहा लाखों का नुकसान
चांडिल, 12 जुलाई : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल अंचल क्षेत्र के लेंगडीह निवासी अरूप महतो ने एनएचएआई पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। वहीं, एनएचएआई के कारण प्रतिवर्ष लाखों रुपए नुकसान होने का भी गंभीर आरोप लगा है।
लेंगडीह निवासी अरूप महतो ने बताया कि चांडिल – पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे उनकी जमीन है। एनएचएआई द्वारा उनकी कुछ जमीन का अधिग्रहण किया गया है और अब भी शेष 130 डिसमिल जमीन उनकी बची हुई हैं, जो खेती योग्य है। आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के बाद उनकी रैयती जमीन सड़क के काफी नीचे हो गया है, जिसके कारण सालभर खेत पर पानी भरा हुआ रहता है, ऐसे में खेती -बाड़ी करने से वंचित हो गया है। अरूप महतो का कहना है कि जब भी वह अपने रैयती जमीन को मिट्टी डालकर समतलीकरण करने का कार्य करवाता है तो एनएचएआई द्वारा कार्य पर रोक लगा दिया जाता है। एनएचएआई द्वारा यह कहते हुए कार्य रोका जाता है कि उनकी जमीन से होकर कोई भी वाहन दूसरे स्थान तक नहीं जा सकता है। यहीं नहीं, जब कोई अपनी रैयती जमीन का समतलीकरण करवाने का प्रयास करता है तो केस दर्ज कराने की धमकी दी जाती है।
अरूप महतो ने बताया कि खाता नं0 – 24, प्लॉट नं0 70 तथा खाता नं0 – 33, प्लॉट नं0 – 55, मौजा लेंगडीह की भूमि उनके पिता स्वर्गीय विन्दावन महतो के नाम पर खतियान में दर्ज है। उक्त भूमि पर एनएचएआई की मनमानी के कारण खेती-बाड़ी नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण प्रतिवर्ष लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है।