विधायक सविता महतो ने चांडिल और नीमडीह में पांच पूजा पंडालों का किया उद्घाटन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

शारदीय नवरात्र में देवी के नौ रूपों की होती है आराधना : सविता महतो

चांडिल, 16 अक्टूबर : ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने महाषष्ठी के पावन अवसर पर शुक्रवार को चांडिल और नीमडीह प्रखंड में पांच दुर्गा पूजा पंडालों का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने चांडिल प्रखंड के फोदलोंगोड़ा, आसनबनी एवं कदमडीह तथा नीमडीह प्रखंड के चालियामा और चालियामा स्थित हरिमंदिर में पूजा पंडालों का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मां दुर्गा का पट खोल दिया गया।

विधायक सविता महतो ने विभिन्न दुर्गा मंडपों में माथा टेककर मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया तथा क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं।

विधायक ने कहा कि शारदीय नवरात्र में मां दुर्गा के नौ रूपों की आराधना की जाती है। मां दुर्गा की पूजा शक्ति की उपासना का प्रतीक है, जिससे लोगों को ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मक शक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा नारी शक्ति की प्रतीक हैं। भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति का स्रोत मानते हुए देवी के रूप में उनकी पूजा की जाती है।

उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की आराधना हमें बुराई पर अच्छाई की जीत, अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और समाज में सकारात्मकता बनाए रखने की प्रेरणा देती है। विधायक ने सभी लोगों से दुर्गा पूजा का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

इस दौरान पारडीह काली मंदिर के महंत विद्यानंद सरस्वती, झामुमो के केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, दिलीप महतो, प्रोबोध उरांव, शंकर मंडल, टिंकूराम महतो, राहुल वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

Share This Article