Breaking News : सरायकेला-खरसावां जिला में 2.24 लाख नोटिस जारी, 1.92 लाख वितरित – नए मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आयुक्त ने घर-घर नोटिस वितरण और सत्यापन तेज करने का दिया निर्देश, फॉर्म-6 से पात्र नागरिक जुड़वा सकेंगे नाम

सरायकेला, 12 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले में SIR-2026 के तहत संचालित निर्वाचन कार्यों की समीक्षा सोमवार को समाहरणालय सभागार में कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह सहित निर्वाचन कार्यों से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने बताया कि जिले में अब तक कुल 2,24,680 नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से 1,92,189 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। वहीं, 1,16,804 सुनवाई पूरी हो चुकी हैं। आयुक्त ने शेष नोटिसों का वितरण, सुनवाई और सत्यापन का कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

आयुक्त ने कहा कि जिन परिवारों तक नोटिस नहीं पहुंचे हैं, वहां बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर नोटिस वितरित करें। नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज लेकर ECINet ऐप के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने फॉर्म-6 के माध्यम से पात्र नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया तेज करने पर जोर दिया। बीएलओ को घर-घर भ्रमण के दौरान छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान कर उनका पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा मतदान केंद्रों पर निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) की गतिविधियां आयोजित करने और विद्यालयों में निर्वाचन पाठशाला के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने को कहा गया। विशेष आउटरीच कार्यक्रमों में स्थानीय मतदाताओं, युवाओं और बूथ लेवल एजेंटों की भागीदारी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक के बाद आयुक्त ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के उन मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां फॉर्म-6 के जरिए नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की तथा संबंधित बीएलओ को घर-घर सत्यापन कर छूटे हुए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Share This Article