दुर्गा पूजा से पहले अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई, 320 लीटर महुआ शराब जब्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दुर्गा पूजा से पहले अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई, 320 लीटर महुआ शराब जब्त

जमशेदपुर, 12 अक्टूबर : दुर्गा पूजा त्योहार के मद्देनजर पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित अवैध शराब बिक्री केंद्रों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में महुआ चुलाई शराब बरामद की। परसुडीह थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान करीब 320 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।

प्राप्त परिवाद पत्र के आलोक में उत्पाद विभाग की टीम ने निरीक्षक उत्पाद, घाटशिला प्रक्षेत्र के नेतृत्व में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ओल्ड सीतारामडेरा और भालूबासा तथा बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के ट्यूबगेट बस्ती में छापेमारी की। इस दौरान अवैध महुआ चुलाई शराब की बड़ी मात्रा बरामद हुई। संबंधित आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, अभियान को आगे बढ़ाते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने परसुडीह थाना क्षेत्र के बाहा मैदान नया बस्ती और गोलपहाड़ी इलाके में संचालित अवैध शराब बिक्री केंद्रों पर भी छापेमारी की। यहां से करीब 320 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।

कार्रवाई के दौरान सभी अभियुक्त फरार पाए गए। उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। त्योहार के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ विभाग का अभियान जारी है।

Share This Article