वृद्धाश्रमों और अनाथालयों में विशेष जागरूकता अभियान, पात्र लोगों को मतदाता सूची से जोड़ने की पहल
जमशेदपुर, 12 अक्टूबर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से वृद्धाश्रमों और अनाथालयों में विशेष आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और निर्वाचन संबंधी अधिकारों की जानकारी देना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के अवसर से वंचित न रहे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र 48-जमशेदपुर पूर्वी स्थित आशीर्वाद ओल्ड एज होम तथा विधानसभा क्षेत्र 47-जुगसलाई के गेरुआ ओल्ड एज होम और निर्मल हृदय मिशनरीज ऑफ चैरिटी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान संस्थानों में रह रहे लोगों को SIR-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की निर्धारित प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। साथ ही, पात्र व्यक्तियों को निर्वाचन संबंधी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला प्रशासन मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को अधिक समावेशी और सुगम बनाने के लिए विशेष प्रयास कर रहा है। इसका उद्देश्य समाज के सभी पात्र नागरिकों तक निर्वाचन संबंधी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।


