चांडिल गोलचक्कर पर फिर बवाल! दुकान हटाने की मांग पर अड़े ग्रामीण, दिनभर किया प्रदर्शन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल गोलचक्कर पर फिर बवाल! दुकान हटाने की मांग पर अड़े ग्रामीण, दिनभर किया प्रदर्शन

चांडिल, 12 अक्टूबर : टाटा-रांची एनएच-33 स्थित साहेरबेड़ा चांडिल गोलचक्कर के ऊपर बनी दुकानों को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को विवाद गहरा गया। दुकानों को खाली कराने की मांग पर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण एकजुट हुए और दुकान के चारों ओर लकड़ी का घेरा बनाकर प्रदर्शन किया।

ग्रामीण सुबह से शाम तक मौके पर डटे रहे। इस दौरान उन्होंने वहीं खाना बनाया और खाया तथा धरने पर बैठकर दुकानों को हटाने की मांग उठाई।

मामले की जानकारी मिलने पर चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति शांत कराई।

थाना प्रभारी ने बताया कि संबंधित जमीन का अधिग्रहण वर्षों पहले भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा किया जा चुका है। उन्होंने ग्रामीणों से जमीन से संबंधित कागजात प्रस्तुत करने को कहा, ताकि उनकी जांच कराई जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जमीन ग्रामीणों की पाए जाने पर उसे वापस दिलाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

वहीं, विवाद के समाधान के लिए थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से लिखित आवेदन देने को कहा। उन्होंने यह भी बताया कि जमीन से संबंधित कार्रवाई पूरी होने तक वहां धारा 144 लागू करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मौके से हटाया गया। फिलहाल, जमीन के स्वामित्व और दुकानों को हटाने की मांग को लेकर विवाद का समाधान जांच और संबंधित कागजातों पर निर्भर करेगा।

Share This Article