हुंडरू – पाथरडीह गांव में छापेमारी, जब्त बालू नीमडीह थाना को सौंपा गया
नीमडीह, 10 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत हुंडरू – पाथरडीह गांव में खनन विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब 30 हजार सीएफटी अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया है। जब्त बालू को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए नीमडीह थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में खान निरीक्षक ने शनिवार को यह कार्रवाई की। उपायुक्त के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, बालू के अवैध भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनन विभाग की ओर से लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन और अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खनन विभाग ने कहा है कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है।



