समेकित कृषि से बढ़ेगी किसानों की आय : मधुश्री महतो

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

समेकित कृषि से बढ़ेगी किसानों की आय : मधुश्री महतो

रांची/कुकड़ू, 10 अक्टूबर : समेकित कृषि प्रणाली अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। इसके लिए किसानों को पारंपरिक खेती के साथ पशुपालन और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से भी जुड़ना होगा। यह बातें सरायकेला-खरसावां जिला परिषद की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने रांची के हेहल स्थित प्रसार प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कहीं।

प्रसार प्रशिक्षण केंद्र, हेहल में सरायकेला-खरसावां जिले के 50 चयनित किसानों के लिए समेकित कृषि प्रणाली पर पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल मधुश्री महतो ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल पारंपरिक खेती के सहारे किसानों की आय में अपेक्षित वृद्धि करना मुश्किल है। किसानों को कृषि के साथ स्वरोजगार के अन्य विकल्प भी अपनाने चाहिए।

उन्होंने किसानों को मुर्गी पालन, बकरी पालन, बत्तख पालन, गाय पालन और मशरूम की खेती जैसी गतिविधियों से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समेकित कृषि प्रणाली किसानों के लिए आय बढ़ाने का एक वैज्ञानिक तरीका है। इससे कृषि संसाधनों का बेहतर उपयोग करने, लागत कम करने और मुनाफा बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में केंद्र के पदाधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और सरायकेला-खरसावां जिले के 50 चयनित किसान उपस्थित थे।

Share This Article