जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं, ठगी और अवैध पेट शॉप संचालन की शिकायतें भी पहुंचीं
जमशेदपुर, 09 अक्टूबर : पूर्वी सिंहभूम जिले में जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुलिया निर्माण, पेंशन, आवास, जमीन के म्यूटेशन, चिकित्सीय सहायता और अन्य जनहित से जुड़े मामलों में आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जन शिकायत निवारण दिवस में जलाशय में नौका परिचालन की अनुमति और पेट्रोल पंप खोलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने से संबंधित आवेदन भी सामने आए। इसके अलावा जमीन उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे की ठगी, महिला स्वयं सहायता समूहों को ऋण दिलाने के नाम पर पूरी राशि की ठगी तथा अवैध पेट शॉप के संचालन से संबंधित शिकायतें भी दर्ज कराई गईं।
उपायुक्त ने सभी प्राप्त आवेदनों और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का निष्पक्ष और समयबद्ध निष्पादन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों की जांच में आवश्यक तत्परता बरती जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। जिला प्रशासन की ओर से जन शिकायत निवारण दिवस के माध्यम से नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की जा रही है।



