आयुष शिविरों में 957 मरीजों की हुई स्वास्थ्य जांच, होम्योपैथिक व आयुर्वेदिक दवाएं दी गईं

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

घाटशिला, धालभूमगढ़ और चाकुलिया में ऑस्टियोआर्थराइटिस व वयोमित्र शिविर आयोजित

 

जमशेदपुर, 09 अक्टूबर : राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला, धालभूमगढ़ और चाकुलिया प्रखंड में ऑस्टियोआर्थराइटिस एवं वयोमित्र स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में कुल 957 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक दवाएं दी गईं। साथ ही विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए गए।

घाटशिला प्रखंड के पावड़ा आंगनबाड़ी केंद्र और उर्दू स्कूल बोधपुर, धालभूमगढ़ प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय भारुडीह एवं चार चक्का दुर्गा मंदिर तथा चाकुलिया प्रखंड के नया बाजार स्थित नागा बाबा मंदिर में शिविर लगाए गए। इनमें ऑस्टियोआर्थराइटिस के 484 मरीजों और बुजुर्गों के लिए संचालित वयोमित्र कार्यक्रम के तहत 473 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।

शिविरों में आयुष चिकित्सकों ने मरीजों के ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच की। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए जीवनशैली में सुधार करने, संतुलित खान-पान अपनाने तथा बीमारियों से बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। इस दौरान योग प्रशिक्षकों और प्रशिक्षिकाओं ने भी भाग लिया। उन्होंने विभिन्न रोगों से बचाव और स्वास्थ्य सुधार के लिए उपयोगी योगाभ्यास का प्रशिक्षण दिया।

शिविरों के सफल आयोजन में डॉ. जगमोहन महतो, डॉ. रणधीर कुमार, डॉ. परमजीत कुमार, डॉ. सीमा झा, डॉ. रौनक अफरोज, डॉ. बबीता कुमारी, डॉ. प्रियांशी, डॉ. संचिता दत्ता, डॉ. प्रदीप कुमार महतो, डॉ. प्रतिमा गोप, डॉ. राकेश कुमार पाल, डॉ. नरेश चंद्र मुर्मू सहित अन्य आयुष चिकित्सकों, योग प्रशिक्षकों और सहियाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Share This Article