चांडिल थाना गेट के समीप सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, टैंकर की टक्कर से गई जान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 09 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना गेट के समीप चांडिल – पुरुलिया ओल्ड मार्ग पर गुरुवार को सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चांडिल थाना क्षेत्र के रावताड़ा निवासी फुलचांद महतो उर्फ डोमन (35) के रूप में हुई है। हादसे के बाद चांडिल पुलिस युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चांडिल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फुलचांद महतो मोटरसाइकिल से चांडिल बस स्टैंड से चौक बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक सेप्टिक टैंकर वैन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि चांडिल बाजार और डैम रोड पर सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े किए जाने के कारण यातायात प्रभावित होता है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग भी दुर्घटना की वजह हो सकती है।

इधर, चांडिल पुलिस ने दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Share This Article