दुर्गा पूजा से पहले अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 200 लीटर चुलाई शराब जब्त

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

जमशेदपुर, 08 अक्टूबर : दुर्गा पूजा के मद्देनजर पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने एमजीएम थाना और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब और जावा महुआ बरामद किया।

उत्पाद विभाग की टीम ने छायानगर और बड़ाबांकी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 200 लीटर अवैध चुलाई शराब तथा 12,000 किलोग्राम जावा महुआ जब्त किया। जावा महुआ का इस्तेमाल अवैध रूप से चुलाई शराब बनाने में किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त दो अभियुक्तों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत फरार अभियोग दर्ज किया गया है। हालांकि, दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप है।

Share This Article