SIR-2026 को लेकर ईचागढ़ में डीसी का निरीक्षण, घर-घर सत्यापन से लेकर कैंप की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

दिव्यांग मतदाता के घर पहुंचे उपायुक्त, 10 अक्टूबर को सभी बूथों पर लगेगा मेगा हेल्पडेस्क कैंप

कुकड़ू, 07 अक्टूबर : SIR-2026 के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बुधवार को 50-ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने कुकड़ू प्रखंड सह अंचल कार्यालय और बेरासी सिरूम पंचायत सचिवालय में संचालित फॉर्म-6 डिजिटाइजेशन एवं नोटिस डिजिटाइजेशन कैंप का जायजा लिया।

उपायुक्त ने कैंप में टेबलवार कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों से प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने BLO द्वारा घर-घर जाकर पात्र नागरिकों से आवश्यक दस्तावेज BLO App के माध्यम से प्राप्त करने और कैंप में उनका नियमानुसार सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया। मतदाता सूची में नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया की जानकारी देने को भी कहा गया।

घर-घर पहुंचकर मतदाता सूची का सत्यापन

उपायुक्त ने Home to Roll गतिविधि के तहत विभिन्न मतदाताओं के घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने यह भी देखा कि परिवार के पात्र सदस्यों के नाम संबंधित मतदान केंद्र की मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज हैं या नहीं।

उन्होंने निर्देश दिया कि दिव्यांग एवं 70 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं को विशेष सुविधा दी जाए। SIR-2026 के तहत 12 से 16 अक्टूबर के बीच BLO ऐसे मतदाताओं के घर जाकर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करेंगे।

दिव्यांग मतदाता के घर पहुंचे डीसी

तिरुलडीह पंचायत के गुड़लीडीह गांव में उपायुक्त दिव्यांग मतदाता दामिनी देवी के घर पहुंचे और SIR सत्यापन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को उनकी आवश्यकता के अनुसार बैसाखी अथवा ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने तथा पात्रता के आधार पर अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

स्कूलों में युवाओं को किया जागरूक

झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय कुकड़ू और राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय तिरुलडीह में Electoral Literacy Club के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को फॉर्म-6, जबकि मतदाता सूची में संशोधन के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया समझाई गई। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

10 अक्टूबर को सभी बूथों पर मेगा हेल्पडेस्क

उपायुक्त ने बताया कि SIR-2026 के तहत आगामी 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्पडेस्क कैंप आयोजित किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों और पात्र युवाओं से कैंप का लाभ उठाकर मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, बीडीओ राजश्री बाखला, सीओ अभय कुमार द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारी, बीएलओ और सुपरवाइजर मौजूद रहे।

Share This Article