जुबली पार्क के पास तेज रफ्तार कार फास्ट फूड दुकान में घुसी, ग्राहक बाल-बाल बचे
जमशेदपुर, 06 अक्टूबर : जुबली पार्क के समीप सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फास्ट फूड की दुकान में जा घुसी। हादसे के समय दुकान में बैठे ग्राहक अचानक हुई टक्कर से सहम गए, हालांकि सभी बाल-बाल बच गए। घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, सफेद रंग की Ford Fiesta कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित फास्ट फूड दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद दुकान में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने कार चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया। वहीं, हादसे के बाद कार और दुकान को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
घटना के कारण मौके पर काफी देर तक भीड़ जुटी रही और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।



