बलरामपुर सड़क हादसे में नीमडीह के तीन युवकों की मौत, क्षेत्र में पसरा मातम
बलरामपुर, 06 अक्टूबर : पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दांतिया आउट पोस्ट के समीप देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही नीमडीह क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर बलरामपुर से नीमडीह लौट रहे थे। इसी दौरान दांतिया आउट पोस्ट के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक कार से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद बलरामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय स्तर पर घायलों को उपचार के लिए बांसगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए देवेन महतो सदर अस्पताल सह मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि, उसकी भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगलोंग निवासी शिवम गोप, लोकेश गोप और सपन गोप के रूप में बताई गई है। घटना के बाद मृतकों के गांव और पूरे नीमडीह क्षेत्र में मातम का माहौल है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



