बाइक दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप में दो गिरफ्तार, 1.25 करोड़ की संपत्ति जब्त
पुरुलिया, 23 सितंबर : बाइक दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में पुरुलिया पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई रघुनाथपुर पुलिस की सहायता से आद्रा थाना पुलिस ने की।
पुलिस के अनुसार, मामले में अभिषेक बनर्जी और राहुल सिंह को गिरफ्तार किया गया है। इनमें राहुल सिंह एचडीएफसी बैंक का अस्थायी कर्मचारी बताया गया है। आरोप है कि बैंक की ओर से 69 लोगों को लोन स्वीकृत किए जाने के बावजूद संबंधित लोगों तक बाइक नहीं पहुंची।
मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 107 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान आरोपियों से जुड़ी करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। इसके अलावा करीब 15 डिसमिल जमीन भी जब्त किए जाने की बात कही गई है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। धोखाधड़ी में अन्य लोगों की संलिप्तता और पूरे मामले में पैसों के लेन-देन की भी जांच की जा रही है।



