2021 से पुनर्वास स्थल पर रह रहे विस्थापित परिवार, अब भी बिजली कनेक्शन का इंतजार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

2021 से पुनर्वास स्थल पर रह रहे विस्थापित परिवार, अब भी बिजली कनेक्शन का इंतजार

कुकड़ू, 19 सितंबर : चांडिल डैम से विस्थापित कुछ परिवार वर्ष 2021 से कुकड़ू प्रखंड स्थित पुनर्वास स्थल पर रह रहे हैं, लेकिन अब तक बिजली कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत सामने आई है। बताया गया है कि बिजली कनेक्शन के लिए संबंधित विभाग में आवेदन भी दिया जा चुका है, बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

बिजली नहीं होने के कारण परिवारों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और रात के समय रोशनी का अभाव परिवारों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में रात के समय बिजली और रोशनी नहीं होने से सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।

स्थानीय स्तर पर सवाल उठाया जा रहा है कि आवेदन दिए जाने के बावजूद वर्षों से बिजली कनेक्शन क्यों नहीं उपलब्ध कराया गया। विस्थापन के बाद पुनर्वास स्थल पर रह रहे परिवारों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मामले का संज्ञान लेकर जल्द बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की है।

समाजसेवी गौरांगो दत्ता ने भी संबंधित विभाग से आवश्यक पहल करते हुए प्रभावित परिवारों को जल्द बिजली उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

Share This Article