बिरसानगर जोन नंबर-8 स्थित श्री श्री श्यामा काली मंदिर में दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान शुरू
जमशेदपुर, 11 सितंबर : बिरसानगर जोन नंबर-8 स्थित श्री श्री श्यामा काली मंदिर में भगवान शनि महाराज के नवनिर्मित मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ। कलश यात्रा में 121 महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने स्वर्णरेखा नदी से पवित्र जल लेकर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों का भ्रमण किया और विधि-विधान के साथ श्री श्री श्यामा काली मंदिर पहुंचीं। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
आयोजकों के अनुसार, धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन कलश यात्रा निकाली गई। शुक्रवार शाम भगवान शनि महाराज की प्रतिमा का नगर भ्रमण कराया जाएगा। प्रतिमा को बिरसानगर जोन नंबर-3 स्थित बजरंगबली मंदिर, बागेड़ी डिस्पेंसरी और शिव मंदिर होते हुए क्षेत्र का भ्रमण कराया जाएगा।
अनुष्ठान के दूसरे दिन भगवान शनि महाराज की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ विशेष पूजा-अर्चना, हवन और आरती का आयोजन होगा। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच भोग एवं प्रसाद का वितरण किया जाएगा। मंदिर समिति के अनुसार, भगवान शनि महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर शाम को विशेष पूजा के बाद केक काटकर जन्मोत्सव भी मनाया जाएगा।
कलश यात्रा और धार्मिक आयोजन में समाजसेवी शैलेन्द्र सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समाजसेवी शिव शंकर सिंह ने मंदिर समिति के सदस्यों और आयोजकों को आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में श्रद्धा, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। आयोजन को लेकर मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया।



