पारडीह चौक के पास सड़क हादसे में चांडिल बाजार के युवक की मौत, इलाके में पसरा मातम

जमशेदपुर/चांडिल, 30 अगस्त। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल बाजार निवासी युवक मोहित दास की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पारडीह चौक के समीप हुआ। दुर्घटना में युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहित दास मोटरसाइकिल से जमशेदपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पारडीह चौक के समीप एक अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर सकती है।
इधर, मोहित दास की मौत की खबर मिलते ही चांडिल बाजार और दुर्गा मंदिर के आसपास शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और स्थानीय लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि मृतक के पिता संतोष दास का भी पूर्व में निधन हो चुका है। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।



