दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्रवाई पर जोर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्रवाई पर जोर

जमशेदपुर, 29 अगस्त : निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया के बीच जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने शनिवार को विभिन्न सुनवाई स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाताओं की सुविधा, पारदर्शी प्रक्रिया और दावा-आपत्तियों के समयबद्ध निष्पादन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम कार्यालय, आईटीडीए कार्यालय, जिला जनसंपर्क कार्यालय और वाणिज्य कर कार्यालय में बनाए गए दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्य प्रगति की जानकारी ली। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह समेत संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने दावा-आपत्ति प्राप्त करने, दस्तावेजों के सत्यापन और मतदाताओं को दी जा रही सहायता की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुनवाई स्थल पर पहुंचने वाले नागरिकों को आवश्यक प्रक्रिया और दस्तावेजों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि SIR-2026 का उद्देश्य निर्वाचक सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। पात्र मतदाताओं को अपने नाम और अन्य निर्वाचक विवरण की जांच जरूर करनी चाहिए। नाम छूटने या किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति दर्ज करानी चाहिए।

उपायुक्त ने सभी सुनवाई स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और नागरिकों के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार करने का निर्देश दिया। साथ ही प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने पर विशेष जोर दिया।

Share This Article