चोरी की बाइक के साथ युवक गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चोरी की बाइक के साथ युवक गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

चांडिल, 23 अगस्त : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार युवक की पहचान कपाली के इस्लामनगर पहला मोड़ मदरसा के पास रहने वाले अरशद अंसारी (20), पिता राजू अंसारी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को कपाली ओपी की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बंधुगोड़ा बढ़ गाछ चौक के पास पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार युवक को रोककर पूछताछ की। पुलिस ने जब बाइक के कागजात मांगे तो युवक टालमटोल करने लगा।

सख्ती से पूछताछ किए जाने पर उसने पुलिस को बताया कि उक्त मोटरसाइकिल उसने 5,500 रुपये में खरीदी है। इसके बाद पुलिस ने बाइक की जांच की, जिसमें पता चला कि मोटरसाइकिल कपाली के कमारगोड़ा निवासी व्यक्ति की है और कुछ दिन पूर्व जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।

मामले की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी अरशद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी की मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।

कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share This Article