एसपी ने रात में किया प्रमुख स्थानों का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 21 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले में रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने देर रात जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, मुख्य चौक-चौराहों तथा अड्डेबाजी वाले संवेदनशील स्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, रात्रि गश्ती एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली तथा रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती करने के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने पर जोर दिया।

एसपी ने पुलिसकर्मियों को असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय सार्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनी रहनी चाहिए, ताकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।

औचक निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते हुए कानून-व्यवस्था पर पैनी नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

Share This Article