जमशेदपुर : नारकोटिक्स समन्वय समिति की बैठक में मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई का निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर : नारकोटिक्स समन्वय समिति की बैठक में मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई का निर्देश

जमशेदपुर, 25 जुलाई : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में नार्कोटिक्स समन्वय समिति (एनकोर्ड) की बैठक आहूत की गई। बैठक में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण एवं रोकथाम के उपायों की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान निर्देश दिया गया कि मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण एवं बिक्री से जुड़े मामलों में नियमित छापेमारी अभियान चलाया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखी जाए। पुलिस एवं उत्पाद विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने तथा सूचना तंत्र को और मजबूत बनाने को कहा गया। समय समय पर स्कूल परिसरों के आसपास तथा बस एवं ऑटो स्टैंड में भी जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा विद्यालय व महाविद्यालय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही नशा मुक्ति एवं पुनर्वास से संबंधित सेवाओं को सक्रिय रखने पर भी बल दिया गया।

बैठक में निर्देश दिया गया कि मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में त्वरित अनुसंधान सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा सभी संबंधित विभागों को नियमित रूप से प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की कि नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास सफल हो सके। नागरिक ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन, परिवहन की सूचना टोल फ्री नंबर 112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0657-2431028 पर जरूर दें ताकि कार्रवाई किया जा सके।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीएम, सभी पुलिस उपाधीक्षक, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article