मो काला ठाकुर, मो प्राणनाथ……..भव्य ओड़िया भजन संध्या में वातावरण हुआ जगन्नाथमय
सरायकेला, 25 जुलाई : कालूराम सेवा ट्रस्ट द्वारा बड़दाड़ स्थित कालूराम चौक में आयोजित भव्य ओड़िया भजन संध्या श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुई। भगवान श्री जगन्नाथ को समर्पित इस भजन संध्या में देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान संपूर्ण परिसर “जय जगन्नाथ” के उद्घोष एवं मधुर भजनों से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम में बलदेव सिंह एंड ग्रुप ने बेहतरीन प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। उनकी मधुर गायकी और भावपूर्ण प्रस्तुति ने ऐसा वातावरण बनाया कि पूरा कालूराम चौक मानो जगन्नाथ धाम की भक्ति में डूब गया।
इस अवसर पर त्रिपन्ना, चंचल, बालकिशन, शिवम चौधरी, रवि सतपति, जयराज दास एवं ओडिशा के प्रसिद्ध भजन गायक मनोज ने भी अपनी मधुर वाणी से भगवान श्री जगन्नाथ की महिमा का व्याख्यान किया। उनकी प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और हर ओर “हरि बोल”, “जय जगन्नाथ” एवं “चकाडोला” के जयघोष गूंजते रहे।
भजन संध्या के दौरान पूरा वातावरण शंखध्वनि, हरिनाम संकीर्तन और जगन्नाथ भक्ति से ओत-प्रोत हो गया। श्रद्धालु भक्ति की धुन पर झूमते हुए महाप्रभु के श्रीचरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करते रहे।
कार्यक्रम के दौरान कालूराम सेवा ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी सनातन परंपरा, ओड़िया संस्कृति तथा भगवान श्री जगन्नाथ की भक्ति को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। यह आयोजन सामाजिक समरसता, भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना को भी नई ऊर्जा प्रदान करता है।
अंत में महाप्रभु श्री जगन्नाथ से समस्त श्रद्धालुओं ने सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्धि की मंगलकामना की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कालूराम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष सह नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, वरीय मुखौटा गुरु सुशांत महापात्र, भोला मोहंती, राजेंद्र महंती, राजीव महापात्र, तरुण अग्रवाल, संजय चौधरी, राजकुमार चौधरी, अशोक चौधरी, विमल चौधरी, सुनील चौधरी, केशव चौधरी, ललित चौधरी, दिनेश चौधरी, अनमोल चौधरी, अजय चौधरी, आशुतोष चौधरी, आदर्श चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।